माइकल जैकसन को अन्तिम विदाई

माइकल जैक्सन के बारे में मुझे कोई बहुत ज्यादा जानकारी नहीं थी. कारण था कि मुझे कभी अंग्रेजी गाने समझ में आये ही नहीं या फिर यूं कह लीजिये कि मैंने कभी समझने की इच्छा नहीं की. कई वर्ष पहले मेरे एक मित्र महोदय के पास थ्रिलर और शायद "ब्लड आन द फ्लोर" के कैसेट हुआ करते थे. मित्र बड़े शौकीन थे, अंग्रेजी गानों के. मुझे भी कई बार उन्होंने गानों के बारे में बताया, समझाया और सुनवाया. इन्टरनेट के माध्यम से जाना कि विगत पच्चीस जून को माइकल जैक्सन का निधन दिल का दौरा पड़ने से हो गया. झटका लगा क्योंकि pop संगीत की दुनिया में बड़ा नाम थे जैक्सन और ऊपर से उमर भी कोई बहुत अधिक नहीं थी, सिर्फ पचास साल. माइकल की जिन्दगी विवादों में भी आयी, बच्चों के यौन शोषण को लेकर. सच-झूठ का तो पता नहीं, लेकिन एक अद्वितीय व्यक्तित्व के स्वामी तो थे ही. कल रात दस बजे के आस-पास समाचार सुनने के लिये टेलीविजन खोला तो पता लगा कि लास एंजिल्स से माइकल जैक्सन का अंतिम संस्कार का सीधा प्रसारण किया जायेगा. पहले लगा कि कहीं ऐसा न हो कि चैनल अपनी नीति के अनुसार हर पांच मिनट के बाद विज्ञापन दिखाने लगें और कहें कि माइकल जैक्सन के अंतिम संस्कार के इस भाग के प्रायोजक हैं फलां-फलां. लेकिन गनीमत रही. स्टेपल्स सेन्टर से किये जा रहे प्रसारण को मैंने देखना प्रारम्भ किया और लगभग दो बजे तक इसे देखता रहा. कहना गलत न होगा कि माइकल जैक्सन को शहंशाहाना अंदाज में उनकी इच्छानुसार ही विदाई दी गयी. माहौल काफी भावुक था लेकिन दाद देनी होगी उस हाल में इकठ्ठा हुई जनता की, जिन्होंने पूरी श्रद्धा (यही उचित लगा) के साथ माइकल को दी जा रही विदाई में हिस्सा लिया. स्टेज पर माइकल के संबंधी, मित्र और कारोबारी मित्र आते रहे और अपने-अपने शब्दों में श्रद्धान्जलि अर्पित करते रहे. माइकल का पार्थिव शरीर स्टेज के आगे ताबूत में रखा हुआ था. वातावरण में उदासी छाई हुई थी. माइकल जैक्सन के भाई, उनके मित्र और उनकी बेटी की आंखों से आंसू छलक पड़े. मैं भी अपने लिये नहीं रोक पाया. जैसा कि हमें यह पढ़ने को मिलता है या बताया जाता है कि पाश्चात्य संस्कृति में रिश्ते प्रगाढ़ नहीं होते, पश्चिमी देशों में लोग रिश्तों को अधिक महत्व नहीं देते और पश्चिमी देशों के लोगों में भावनायें नहीं होतीं, इत्यादि, लेकिन माइकल जैक्सन को दिये गये इस अन्तिम विदाई समारोह को देखकर ऐसा नहीं लगा. बहरहाल, माइकल जैक्सन को मेरी तरफ से भी अन्तिम विदाई.

Comments