आ गए ओबामा छा गए ओबामा

आजकल सभी चैनल वाले ओबामा-मय हो गये हैं, जिधर देखो उधर ओबामा, जिधर सुनो उधर ओबामा. टेलीविजन वालों ने घर-घर में ओबामा ला दिया है, बिल्कुल हर-हर महादेव की तर्ज पर हर ओर ओबामा सुनने को मिल रहा है. भारत में अब न तो कोई आतंकवादी वारदात होगी, न अब भूख से कोई मरेगा. न अब ठंड से कोई ठिठुरेगा, न लू से किसी के प्राण निकलेंगे. न किसी का शोषण होगा, न किसी पर अत्याचार होगा. ओबामा जो आ गये हैं अमेरिका में. अब पाकिस्तान भी सुधर जायेगा, बांग्लादेश की भी हिम्मत नहीं होगी कोई गड़बड़ करने की. चीन भी आंखे नहीं तरेर सकेगा. नेपाल लाइन पर आ जायेगा. दुनिया में भारत का डंका बजने लगेगा. ओलम्पिक में हम टाप टेन में पहुंच जायेंगे, हाकी में गोल्ड जीतेंगे, क्रिकेट में एक बार फिर विश्व कप घर लायेंगे. टेनिस में, गोल्फ में भी चैम्पियनशिप हमारे यहां आ जायेगी, क्योंकि जीत गये हैं ओबामा. पाकिस्तान से आतंकवादियों की जगह मिठाईयां आयेंगी. अल-कायदा, लश्कर, हिज्बुल के लोग अब फूल बेचना प्रारम्भ कर देंगे. पाकिस्तान अब अपने एटम बमों को बनाना बन्द कर देगा जो बन चुके हैं उन्हें निष्क्रिय कर देगा. दाऊद और अन्य वांछित अपराधियों को भारत के हवाले कर देगा. भारत में भ्रष्टाचारी सुधर जायेंगे, पुलिस वाले साधु बन जायेंगे, गंगा में प्रदूषण खत्म हो जायेगा, अपराधी अपराध करना बन्द कर देंगे. नेताओं पर घोटालों की कालिख पुतना बन्द हो जायेगी, क्योंकि आ गये हैं ओबामा. शिक्षा का स्तर ऊंचा उठ जायेगा, हत्यायें-बलात्कार होना बन्द हो जायेंगे, सबको काम मिलने लगेगा, क्योंकि अमेरिका के राष्ट्रपति बन गये हैं ओबामा. हर मर्ज का एक इलाज ओबामा. सब नाच रहे हैं, झूम रहे हैं, चहुं ओर छा गये हैं ओबामा, जिधर देखता हूं उधर तू ही तू है, सर्वव्यापी, सर्वशक्तिमान ओबामा और सिर्फ ओबामा. किसी को भूख लगे, ओबामा का फोटो दे दो, बीमार पड़ गया हो फोटो को पानी में घोल कर पिला दो. बीवी से झगड़ा हो गया हो या बास से तू-तू-मैं-मैं, नाम सुमिरन करो ओबामा. भूख लगे तो ऒबामा, प्यास लगे तो. कल एक सज्जन की जेब कट गयी, रपट लिखाने गये, थानेदार ने भगा दिया कि देख नहीं रहा है ओबामा का शपथग्रहण होने वाला है और तू आ गया ऐसी शुभ घड़ी में रपट लिखाने. जा ओबामा-ओबामा का जाप कर, चोर बंध जायेगा अपने आप. जय गोविन्दम जय गोपालम की जगह जय ओबामा जय ओबामा. नेताजी भी बिजी हैं कल्पना में विचरते हुये सोच रहे हैं कि इसी तरह उनकी भी ताजपोशी हो जाये एक दिन, ओबामा कट बाल-ओबामा कट चाल. ओबामा जैसी तेजी, वैसी ही गर्मजोशी. लग रहा है चैनल वाले अब सबकुछ ठीक कराकर ही मानेंगे, ओबामा जो अमेरिका में आ गये हैं.

Comments